अंबाला। दिसंबर 2021 में शहजादपुर थाने में दर्ज ठगी के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी दिल्ली निवासी परविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बुधवार कोर्ट में पेश किया। यहां से उसका छह दिन का रिमांड हासिल किया है। पूछताछ के दौरान उससे पैसे और अन्य दस्तावेजों को लेकर पूछताछ की जाएगी।
उक्त जानकारी आर्थिक अपराधा शाखा के प्रभारी विनोद राणा ने दी। उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पिछले कुछ समय से जोरों-शोरों से कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान सूचना मिली की आरोपी दिल्ली के तिलक नगर क्षेत्र में है। इस कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की भी मदद ली गई।
गौरतलब है कि नारायणगढ़ शुगर मिल में करोड़ों के घोटाले को लेकर शहजादपुर थाने में दिसंबर 2021 में एक मामला दर्ज किया था। यह कार्रवाई को-ऑपरेटिव बैंक अंबाला सिटी के महाप्रबंधक की शिकायत पर की गई थी। शिकायत में अनिल कुमार ने बताया था कि शुगर मिल ने बैंक से 98.65 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था जोकि ब्याज सहित बढ़कर 123.85 करोड़ हो गया है। इस मामले में पुलिस ने नारायणगढ़ शुगर मिल के मालिक राहुल गौतम सहित दो अन्य को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जो जेल में हैं।
उस पर 6.65 करोड़ की ठगी का आरोप था। जांच अधिकारी विनोद राणा ने बताया कि जब मामला उनके पास आया और उन्होंने जांच शुरु की तो पाया कि आरोपी ने दो कंपनियां खोली हुई हैं। इसमें पहली रघुपति कोमोडिटीज प्राइवेट लिमिटेड और दूसरी रघुपति ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड। जांच में सामने आया कि शुगर मिल के मालिक राहुल ने पराली खरीदने के नाम पर परविंदर सिंह की एक कंपनी में 5.65 करोड़ और दूसरी में एक करोड़ रुपये का भुगतान किया था। वहीं चौथे आरोपी ने गिरफ्तार से बचने के लिए सुप्रीम कोर्ट में भी अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, इसे भी आर्थिक अपराध शाखा ने रद्द करवा दिया था। इस मामले में एक अन्य आरोपी नवनीत अरोड़ा की भी तलाश की जा रही है।