अंबाला। शहर में बहू द्वारा 70 वर्षीय बुजुर्ग सास के साथ अत्याचार करने का मामला सामने आया है। सास-ससुर ने बहू पर मकान कब्जाने के आरोप लगाए हैं। बुजुर्ग महिला ने एसपी अंबाला को शिकायत सौंपी है। सिटी थाना पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
सिटी की इंद्री पुरी कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग ने बताया कि 11 अक्तूबर 2021 को उसके छोटे बेटे की शादी हुई थी। उसका बड़ा बेटा पत्नी के साथ अलग रहता है। शादी के बाद से ही उसकी छोटी बहू उनका मकान कब्जाने के लिए प्रताड़ित करने लगी। उन्होंने समझाया भी था, लेकिन उसकी बहू ने कई बार मारपीट की। 27 जुलाई को बहू ने उनके साथ मारपीट की। उसके रिब्स में फ्रैक्चर आ गया था। इतना ही नहीं दो अगस्त को बहू ने जान से मारने की नीयत से उसका गला दबा दिया। उसकी बहू ने मारपीट व गाली गलौज करते हुए कपड़े फाड़ दिए। उसके बेटे ने उसे बहू से बचाया। बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि बहू मकान खाली न कराने पर जान से मारने के साथ-साथ झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही है।