शादी का झांसा देकर महिला से शारीरिक संबंध बनाने के मामले में पुलिस ने उधमुपर में तैनात एवं मेरठ निवासी कर्नल रविंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस पूरे मामले की जानकारी शनिवार स्थानीय सेना अधिकारियों को दी है। पीड़ित महिला ने कर्नल के खिलाफ महिला पुलिस थाना में शुक्रवार शिकायत दी थी। महिला पुलिस एसआई देवेंद्र ने बताया कि महिला का कैंट सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया गया था। कर्नल के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए आर्मी में संबंधित यूनिट के अफसरों से भी बातचीत की जा रही है। बताया जाता है कि कर्नल फिलहाल उधमपुर में तैनात है। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है। विगत माह उसकी मुलाकात कर्नल से हुई थी जो अंबाला में तैनात रह चुका है। कर्नल ने उससे नजदीकियां बढ़ाकर शादी का सांझा दिया था। उसका कहना था कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी रचा लेगा। इस बीच वह काफी समय तक जीरकपुर में भी साथ रहे। वहां कर्नल ने शादी का सांझा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान जब उसने मेरठ निवासी कर्नल के बारे में जानकारी जुटाई तो उसे पता चला कि उनके अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध हैं और वह उसे गुमराह कर रहा है। इसकी शिकायत महिला ने तुरंत महिला पुलिस थाने में दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही संबंधित यूनिट के आर्मी अफसरों से जानकारी जुटाकर आरोपी कर्नल को काबू कर लिया जाएगा।