पीजीआई से कार में लौट रहे परिजन गांव मलिकपुर के पास सड़क हादसे का शिकार हो गए। सड़क हादसे में जहां एक की मौत हो गई है वहीं दो को छावनी के नागरिक अस्पताल से गंभीर हालत के चलते पीजीआई रेफर कर दिया है। शहजादपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गांव जमालपुर निवासी पुरेंद्र पाल सिंह के रूप में हुई है जबकि 21 वर्षीय देवराज समेत एक अन्य घायल हो गया। तीसरे घायल की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। घायल के रिश्तेदार एवं अंबाला छावनी निवासी दिनेश ने बताया कि पुरेंद्र पाल सिंह घायल देवराज के पिता हैं। पुरेंद्र के हार्ट की दो बार सर्जरी हो चुकी है और दोबारा फिर हार्ट की समस्या से जूझ रहे थे। सुबह-सुबह सहारनपुर से पुरेंद्र अपने बेटे देवराज और साले के साथ पीजीआई में चेकअप कराने के ऑल्टो कार में सवार होकर गया था। दोपहर को पीजीआई से लौटते वक्त वह बरवाला से सीधे नए हाईवे से होते हुए आ रहे थे जैसे ही वह गांव मलिकपुर के पास पहुंचे उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए मौके से उठाकर छावनी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां डाक्टरों ने पुरेंद्र पाल सिंह को मृत घोषित कर दिया वहीं देवराज समेत अन्य को इलाज के लिए पीजीआई रेफर कर दिया है।