ओवरब्रिज की रेलिंग से टकराकर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक को खून से लतपथ देख राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। मृतक की पहचान गांव तलहेड़ी निवासी गुरदीप सिंह के तौर पर हुई। जांच अधिकारी ने बताया कि वीरवार सुबह सूचना मिली थी कि ओवरब्रिज पर एक बाइक सवार युवक की लाश पड़ी है। मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया तो सामने आया कि घटना बुधवार रात की है। जो किसी के संज्ञान में नहीं आई। सिर पर घाव की वजह से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कुरुक्षेत्र के गांव तलहेड़ी का रहने वाला था। वह बाइक पर सवार होकर बराड़ा की तरफ जा रहा था जब वह ओव्रर ब्रिज के पास पहुंचा तो उसने ओवरब्रिज के पैदल चलने वाले रास्ते से बाइक निकालने की कोशिश में रेलिंग से टकरा गया। सुबह सैर पर जा रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर मिले दस्तावेज के आधार पर परिजनों को सूचना दी।