अंबाला। चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही सीटीयू की एसी बस के परिचालक से युवक नगदी से भरा बैग झपटकर फरार हो गया। परिचालक ने युवक के पीछा भी किया लेकिन कोहरा होने के कारण वह बच गया।
परिचालक के अनुसार उसके बैग में करीब 13 हजार रुपये और पीओएस मशीन थी। बस स्टैंड परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तो युवक भागता नजर आया, जबकि उसकी पहचान नहीं हुई। देरशाम को परिचालक का बैग और पीओएस मशीन रेलवे ट्रैक पर मिली। इस मामले में पुलिस में थाना पड़ाव पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
हिसार के गांव मिर्चपुर निवासी राजबीर ने बताया कि वह चंडीगढ़ के सेक्टर-20 बी में रहता है। गणतंत्र दिवस की सुबह करीब पांच बजकर 20 मिनट पर वह चालक भूपिंद्र सिंह के साथ एसी बस लेकर दिल्ली के लिए चले थे। एक घंटे बाद छह बजकर 20 मिनट पर वह छावनी बस अड्डा पहुंचे और बस से उतरकर दिल्ली की सवारी के लिए आवाज लगाता पार्किंग स्लिप कटवाने के लिए बूथ पर पहुंचा। परिचालक के पीछे-पीछे बस आ रही थी। तभी उसने बूथ पर बैठे रोडवेज कर्मचारी से पार्किंग की स्लिप मांगी। उसके दूसरे हाथ में नकदी से भरा बैग था। एक युवक आया और उसके हाथ से नकदी से भरा बैग झपटकर फरार हो गया।
वर्जन
परिचालक के साथ स्नेचिंग की घटना के मामले में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। युवक भागते हुए नजर आ रहा है लेकिन पहचान नहीं हुई है। वहीं परिचालक का बैग और पीओएस मशीन लावारिस हालत में रेलवे ट्रैक से मिली है।
पवन, सब इंस्पेक्टर, कार्यकारी प्रभारी थाना पड़ाव, अंबाला छावनी।