अंब अंदौरा से प्लेटफार्म 1 पर आई आस्था ट्रेन के समक्ष खड़े सुरक्षा कर्मचारी। संवाद
अंबाला। अंब अंदौरा से अयोध्या धाम के लिए चली पहली आस्था ट्रेन सोमवार सुबह एक घंटा पहले ही अंबाला कैंट स्टेशन पर पहुंच गई। ट्रेन के आने की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई और प्रत्येक कोच के आगे एक-एक कर्मचारी को तैनात कर दिया।
इस दौरान न तो कोई व्यक्ति ट्रेन में सवार हुआ और न ही कोई ट्रेन से उतरा। लगभग एक घंटे तक राम नाम का जाप ट्रेन में होता रहा। वहीं अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के शताब्दी बेस किचन से लगभग 1100 यात्रियों का खाना ट्रेन में चढ़ाया गया। ट्रेन सुबह 11 बजे ही प्लेटफार्म 1 पर पहुंच गई थी जबकि ट्रेन के अंबाला पहुंचने का समय 11.40 बजे था। ट्रेन 11.50 बजे गंतव्य की तरफ रवाना हुई।
ट्रेन के जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। ट्रेन के आगमन को लेकर खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह से मुस्तैद रही। गौरतलब है कि रेलवे ने फरवरी माह में अंब अंदौरा सहित अमृतसर, पठानकोट, जम्मू, कटरा आदि से आस्था ट्रेनों के संचालन की घोषणा की थी, लेकिन अयोध्या में लगातार बढ़ रही राम भक्तों की भीड़ को देखते हुए आस्था ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया था। अंब अंदौरा के अलावा अन्य रेलवे स्टेशनों से भी आस्था ट्रेनों के संचालन को लेकर कार्रवाई चल रही है और जल्द ही नई समय सारिणी और तारीख की घोषणा हो जाएगी।