बोह रोड पर टूटी हुई सड़क पर खड़े आप नेता व स्थानीय निवासी। स्वंय
अंबाला। आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा की अगुवाई में रविवार शाम को अंबाला छावनी में दूसरी खड्डा यात्रा आरंभ की गई। यह खड्डा- यात्रा छावनी के बोह रोड पर टूटी हुई सड़कों को दुरुस्त करने व सरकार को जगाने के लिए निकाली गई। इस अवसर पर लोगों की ओर से पैदल यात्रा में चलकर गड्ढों में फूल डाले गए। खड्डा यात्रा का अनेकों जगह स्थानीय लोगों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
इस खड्डा यात्रा में स्थानीय लोगों द्वारा सरकार जगाओ सड़कें बनवाओ के नारे भी लगाए गए। भाजपा सरकार के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा सिर चढ़कर बोल रहा था। चित्रा ने कहा कि आज पूरे अंबाला छावनी की सड़कें लगभग टूटी पड़ी हैं। हमारी पहली खड्डा यात्रा को मिले भरपूर जनसमर्थन को देखते हुए हरियाणा की भाजपा सरकार को मजबूरी में 44 करोड़ की राशि सड़कों के लिए मंजूर करनी पड़ी। उम्मीद है कि जल्द ही इस पहली खड्डा यात्रा का असर सड़कों पर भी दिखने लगेगा।
छावनी के कोने-कोने से अनेकों लोगों ने इस खड्डा यात्रा को अपना समर्थन दिया है वहीं फोन के माध्यम से उन्होंने बताया कि उनके इलाके में भी सड़कों के दयनीय हालात हैं और उनके इलाके में भी आप एक खड्डा यात्रा निकाले। अब धीरे-धीरे यह खड्डा यात्रा अलग-अलग इलाकों में निकाली जाएगी।