अंबाला सिटी। जंडली पुल हाईवे के पास एक युवक ने एजेंसी के सामने ही अपने ऑटो में आग लगा दी। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। ऑटो में आग लगती देख आसपास के लोग और राहगीर भी एकत्रित हो गए। युवक ने बताया कि उसने तीन वर्ष पहले ऑटो खरीदा था। ऑटो की साढ़े तीन वर्ष की गारंटी दी गई थी, लेकिन ऑटो में लगातार दिक्कत आ रही है। वह कई बार इस बारे में एजेंसी संचालकों को अवगत करवा चुके हैं और यहां ऑटो को ठीक भी करवा चुके है, इसके बाद भी ऑटो बार-बार खराब हो जाता है। बार-बार ऑटो को ठीक करवाने के कारण वह कर्ज में आ चुका है। एजेंसी संचालकों ने ऑटो बदलने की बात कही थी, लेकिन अब ऑटो को बदला नहीं जा रहा। इस वजह से तंग आकर ऑटो में आग लगा दी। वहीं, मौके पर पुलिस भी पहुंची थी। वहीं, एजेंसी संचालकों का कहना था कि करीब पांच महीने पहले चालक एजेंसी में ऑटो लेकर आया था, लेकिन ऑटो को बदलने की बात नहीं कही गई। वाहन पंजीकृत होने पर ऑटो को कैसे बदला जा सकता है।