अंबाला। नेशनल हाईवे 344 पर मुलाना मारकंडा पुल के पास एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने स्कूटी सवार स्टाफ नर्स को चपेट में ले लिया। एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खदानों में स्कूटी चालक महिला पर जा पलटी। राहगीरों और डायल 112 की टीम ने महिला को एंबुलेंस के नीचे से कड़ी मशक्कत के बाद निकाल कर एमएम अस्पताल मुलाना दाखिल कराया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत करार दिया। वहीं हादसे को अंजाम देकर एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया।
एंबुलेंस में हादसे के समय कोई मरीज नहीं था। एंबुलेंस को पुलिस ने कब्जे में लिया है। मृतक महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है। जानकारी के अनुसार अमनप्रीत कौर निवासी बराड़ा समलेहडी पीएचसी में बतौर स्टाफ नर्स कार्यरत थी। वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर ड्यूटी से लौट रही थी। जैसे ही उसने हाईवे पर मारकंडा पुल पार किया पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने उसको चपेट में ले लिया। एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई और पलटकर सड़क किनारे स्कूटी सवार महिला के ऊपर गिर गई। हादसे में महिला एंबुलेंस के नीचे दब गई। महिला मिट्टी से सन चुकी थी और गंभीर रूप से घायल थी। पता चला है कि महिला के पास एक 7-8 वर्षीय बेटा है।