अंबाला सिटी। फैटी लीवर से संबंधित मरीजों के लिए अब शहर नागरिक अस्पताल में विशेष ओपीडी लगाई जाएगी। जहां पर इस बीमारी से पीड़ित मरीजों की जांच होगी और उनके अलग से टेस्ट भी किए जाएंगे।
विभाग ने इसके लिए चिकित्सक भी नियुक्त किया गया है। विभाग द्वारा मरीज को डाइटिशियन का परामर्श भी दिया जाएगा। जिससे उसे बीमारी से उभरने में मदद मिल सके। विभाग की ओर से फैटी लीवर से संबंधित दवाइयां भी मंगवा ली गई है। फैटी लीवर के कारण बीपी और शुगर सहित दिल की बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
चिकित्सक भी किया नियुक्त
डिप्टी सीएमओ डॉ नीलम कुशवाह ने बताया कि विभाग की ओर से विशेष ओपीडी को लेकर तैयारियां चल रही है। डॉ हर्ष फैटी लीवर के मरीजों की जांच करेंगे। जल्द ही ओपीडी शुरू हो जाएगी। फैटी लीवर के उपचार में दिए जाने वाली दवाई विटामिन, एसेटाइन सहित अन्य जरूरी दवाएं भी मंगवा ली गई हैं। शहर नागरिक अस्पताल में 20 से 30 मरीज लीवर की समस्याओं से संबंधित आ रहे है। फैटी लीवर के कारण बीपी और शुगर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती है। इससे दिल की बीमारी का भी खतरा बना रहता है।
डाइट का ख्याल भी जरूरी
शहर नागरिक अस्पताल में नियुक्त डाइटिशियन रवि कुमार ने बताया कि फैटी लीवर से पीड़ित मरीज को अपने खान पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। ओपीडी के बाद मरीज को उपचार के दौरान उनके द्वारा सही डाइट भी बताई जाएगी। उन्होंने कहा कि फैटी लीवर के मरीज को कम वसा वाला भोजन लेना चाहिए। धीरे धीरे वजन कम करना चाहिए।अधिक मीठे तरल से परहेज करना चाहिए। इसकी जगह खट्टे फलों का सेवन करना चाहिए।
विभाग की ओर से फैटी लीवर की विशेष ओपीडी के लिए तैयारियां जारी है। जल्द ही ओपीडी शुरू हो जाएगी। दवाइयां भी मंगवा ली गई है। लीवर से संबंधित बीमारी से ग्रस्त मरीजों को विशेष जांच करवाने का भी परामर्श दिया जाएगा।
डॉ नीलम कुशवा, डिप्टी सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग अंबाला