अंबाला। परिजनों की मुस्तैदी और उनके शोर मचाने की वजह से शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे शहर की जग्गी कॉलोनी में बड़ी वारदात होते-होते बच गई। चार हथियारबंद नकाबपोश बदमाश दिनदहाड़े घर में घुस गए लेकिन घर के सदस्यों ने जान की परवाह नहीं करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे बदमाशों को तुरंत भागना पड़ा। चारों बदमाश एक कार में आए थे। उनमें से तीन बदमाशों के पास रिवाल्वर थे। बदमाश अपनी कार घर से कुछ दूर खड़ा करके आए थे। बदमाश कॉलोनी के मकान नंबर 178 में लूट के मकसद से घुसे थे। यह मकान नगर निगम में ठेकेदार राजीव अग्रवाल का है। वारदात के समय घर में उनके बुजुर्ग पिता देवेंद्र, माता उषा, पत्नी मीनिता व उनका बेटा मौजूद था। अग्रवाल के अनुसार घर में घुसते ही बदमाशों ने बुजुर्ग देवेंद्र से मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों के हाथ में रिवाल्वर देखकर सभी परिजन सहम गए। इतने में ही राजीव की पत्नी मीनिता ने शोर मचा दिया और मोहल्ले वालों ने पुलिस को सूचना दे दी। मोहल्ले के लोगों के इकट्ठा होने पर बदमाश में भाग निकले। इन बदमाशों ने इस घर से कुछ दूरी पर एक दुकान के पास कार खड़ी कर रखी थी। सूचना मिलने पर डीसीपी विनोद कौशिक, सीआईए इंस्पेक्टर कुलभूषण व अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में शहर के चारों ओर नाकेबंदी कर दी और आरोपियों को जोर-शोर से तलाशा जा रहा है। पुलिस ने आस-पड़ोस के कुछ उन दुकानदारों से भी पूछताछ की है, जिन्होंने इन बदमाशों को भागते देखा था। दुकानदाराें ने बताया कि चारों बदमाश 25 से 30 आयु वर्ग के थे।
‘पुलिस मामले की जांच कर रही है, बदमाशों का पता लगाने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही चारों बदमाश पुलिस की पकड़ में होंगे।’
विनोद कौशिक, डीसीपी अर्बन