जिले की अनाज मंडियों की धान की आवक काफी तेजी से हो रही है। मंडियां धान की ढेरियों व बारियों से अटी पड़ी हैं मगर धान का उठान काफी धीमा है। इस वक्त मंडियों में 88,854 मीट्रिक टन पड़ा हुआ है। दूसरी ओर, चार दिन बारिश के आसार है, इसे लेकर किसानों और आढ़तियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। मार्केट कमेटी के अफसरान भी धान को बचाने की तैयारियों जुटे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 07 व 08 अक्तूबर को भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद किसान चाहते हैं कि जल्द से जल्द उनका धान बिक जाए, क्योंकि पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से उन्हें पहले ही बहुत ज्यादा नुकसान हो चुका है।
दूसरी ओर, अभी खेतों में भी धान कटाई का काम चल रहा है। ऐसे में यदि बारिश होती है, तो किसानों को जबरदस्त मार पड़ेगी और उनके समक्ष नया संकट खड़ा हो जाएगा, क्योंकि कटाई के इंतजार खड़ा धान बर्बाद हो जाएगा। किसान शीशपाल चौहान, दुष्यंत राणा, तेग सिंह, हरकेश सिंह, कुलवंत सिंह व भजन सिंह का कहना है कि पहले बर्बाद हो चुके धान के मुआवजे का अभी तक कुछ अता-पता नहीं है अब अगर फिर से बाशि हो गई तो किसान बर्बाद हो जाएगा। उनके अनुसार मंडियों में भी अभी तक धान का उठान नहीं हो पाया है, जो धान कट चुका है, वह भी अभी मंडियों में नहीं बिकी है।
दूसरी ओर, मार्केट कमेटी के अफसरों के अनुसार मंडी में पहुंच रहे धान की तेजी के साथ खरीद की जा रही है। विभाग अभी तक 1 लाख 20 हजार 74 मीट्रिक टन की खरीद का कार्य कर चुका है। उनके अनुसार उठान का कार्य भी तेजी के साथ हो रहा है। अभी तक कुल खरीदी गई धान में से 26 प्रतिशत धान का उठान हो चुका है। इस कार्य में और तेजी लाई जाएगी।
----
धान खरीद की स्थिति
बुधवार को जिले भर की मंडियों में बुधवार को कुल 37 हजार 946 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। इसमें अंबाला कैंट मंडी में 3 हजार 460, अंबाला सिटी में 4 हजार 6, साहा में 4 हजार 245, मुलाना 4 हजार 920, बराड़ा में 4 हजार 635, तलहेड़ी से 1 हजार 980, केसरी 710, सरदेहड़ी में 2 हजार 282, उगाला में 1 हजार 890, भरेड़ी कलां में 550, नारायणगढ़ में 3 हजार 820, शहजादपुर में 3 हजार 775, कड़ासन 1 हजार 673 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई। वहीं अभी तक सबसे अधिक खरीद हैफेड द्वारा की गई है। उन्होंने कुल 81 हजार 513 मीट्रिक टन, इसके बाद डीएफएससी ने 37 हजार 619 मीट्रिक टन धान खरीदा गया।
----
यह है मौसम की स्थिति
बुधवार को दिनभर आसमान साफ रहा है। धूप भी तेज होने के कारण तापमान में वृद्धि देखी गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.0 और न्यूनतम तापमान 24.0 दर्ज किया गया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार 07 और 08 अक्टूबर को अधिकतम तापमान गिरकर 30 डिग्री तक चला जाएगा। वहीं न्यनूतम तापमान भी 22. डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। इस दौरान चार दिन बारिश की भी संभावना है।
----
हमारी ओर से तेजी के साथ धान की खरीद की जा रही है और उठान का कार्य भी तेजी के साथ किया जा रहा है। 1 लाख 20 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद हो भी चुकी है।
- अपार तिवारी, डीएफएसई, अंबाला।
--------------------------
अगर बारिश आती है तो हमारी ओर से पूरी तैयारी है, किसानों के धान के एक भी दाने को खराब होने नहीं दिया जाएगा। तिरपालों का भी इंतजाम किया जा रहा है।
- दिलेल सिंह, सचिव मार्केट कमेटी, अंबाला।