गैस सिलिंडर नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान, लग रहीं कतारें
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। रसोई गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नारायणगढ़ में दो गैस एजेंसी होने के बावजूद भी उपभोक्ता गैस न मिलने से परेशान हो रहे हैं। उपभोक्ताओं को अपने जरूरी काम छोड़कर अल सुबह से ही पर्ची कटवाने के लिए लाइनों में लगना पड़ रहा है। क्षेत्र में उपभोक्ता सचिन कुमार, नरेश कुमार, राजपाल, यश शर्मा, रमेश कुमार, सुखदेव सिंह आदि का कहना था कि उनका रसोई गैस का सिलिंडर भारत गैस एजेंसी का है। वह चार दिन से लगातार गैस सिलिंडर लेने के लिए आ रहे हैं, लेकिन गैस नहीं मिल रही। हर रोज पता चलता ही कि कल गाड़ी आएगी लेकिन यहां से उन्हें फिर कई किलोमीटर दूर वापस जाना पड़ता है। इस बारे जब नारायणगढ़ एचएल आरडीसी गैस एजेंसी में बात की गई तो उनका कहना था कि 22 फरवरी के बाद से कोई गाड़ी सिलिंडरों की नहीं आई। इस कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है, वहीं अब 26 फरवरी को गैस सिलेंडर की गाड़ी आई है, जिससे गैस सिलिंडर वितरण किए जा रहे हैं। इस बारे में सेल्स अफसर भारत गैस गिरीश मिड्ढा से बात करने की कोशिश की गई तो उनसे बात नहीं हो सकी। बता दें कि गैस सिलेंडरों की कमी की वजह से भारत गैस के उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। गत दिवस बराड़ा में भी यही दिक्कत उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही थी।