अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि 70 वर्षों तक छावनी की विकास के मामले में अनदेखी की गई। अब इस कमी को चक्रवृद्धि ब्याज सहित पूरा किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की एकता के पक्षधर सरदार वल्लभ भाई पटेल की सोच पर चलते हुए उनकी जयंती मनाती है। जबकि कांग्रेस नरसंहार करने वाले टीपू सुल्तान की सोच पर पहरा दे रही है और उसकी जयंती को मना रही है। भाजपा देशभक्तों की फौज खड़ा करना चाहती है जबकि कांग्रेस इस सोच का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 50 वर्ष के शासनकाल में देश को बर्बादी के कगार पर पहुंचाया है और भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को गति देने के साथ-साथ विश्व में भारत का मान-सम्मान स्थापित किया है। विज रविवार को बीसी बाजार में सनातन धर्म सभा द्वारा बनाई जाने वाली धर्मशाला का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस धर्मशाला के निर्माण में सनातन धर्म सभा का सहयोग करते हुए अपने स्वैच्छिक कोष से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और कहा कि यदि आवश्यकता हुई तो और सहयोग भी उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने समाजसेवा व शिक्षा के क्षेत्र में सनातन धर्म सभा द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। उल्लेखनीय है कि इस धर्मशाला का निर्माण लगभग 60 लाख रुपये की राशि से किया जाएगा और दो मंजिला इस धर्मशाला में हॉल, कमरे, शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस मौके पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सत्येंद्र सिवाच, डीएसपी अनिल कुमार, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष अजय बवेजा, बलकेस वत्स, विजेंद्र चौहान, सुनीता कपूर, सुभाष शर्मा, रवि चौधरी, संजीव चौधरी, प्रवेश शर्मा, नरेंद्र, टीटू, अनिल नागर, बीएस बिंद्रा, सतपाल ढल, सोनू राणा, लक्ष्मी नारायण खन्ना, बलविंद्र कौर, अनिल बहल, उषा रानी, सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष ताराचंद, महामंत्री सुधीर बिंदलस, कोषाध्यक्ष बृज गोयल, एडी गांधी, सचिन गर्ग, मुकेश मोहन सहगल, कैलाश मल्होत्रा, माया राम बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।