न्यायालयों का निरीक्षण का कार्यप्रणाली को चेक किया
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं अंबाला मंडल के प्रशासनिक जज जितेंद्र चौहान ने बुधवार को अंबाला के न्यायिक एवं कार्यकारी न्यायालयों के साथ ही नारायणगढ़ सब डिवीजन का निरीक्षण किया। उन्होंने दीवानी एवं फौजदारी न्यायालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायिक परिसर अंबाला के प्रांगण में रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया। इस अवसर पर उनके साथ जिला एवं सत्र न्यायाधीश विक्रम अग्रवाल, जिला जज नीलिमा शांगला, उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल भी उपस्थित रहे। जज जितेंद्र चौहान जिला बार एसोसिएशन में पंहुचे। वहां पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने न्यायाधीश का स्वागत किया। जज जितेंद्र चौहान ने बार एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि एसोसिएशन ने न्यायालय से संबंधित मांग या वकीलों की जो भी समस्या उन्हें बताई है, उन्हें हल कराने का प्रयास किया जाएगा। जज जितेंद्र चौहान ने नारायणगढ़ सब डिवीजन में भी न्यायिक परिसर का निरीक्षण किया।