साहा। रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर संभालखा गांव निवासी सचिन चौहान से 11 लाख की धोखाधड़ी की गई। साहा थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कैथल निवासी एक दंपत्ती और उनके एक सहयोगी के खिलाफ धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कर ली। सचिन चौहान ने बताया कि उनके ससुराल कैथल के अगोंद गांव में काम करने वाले मंगतराम ने उसे झांसा दिया था कि उसकी पुत्री जसमीन कौर और दामाद अजय कुमार की सरकारी अधिकारियों के साथ अच्छी पैठ है और वह रेलवे में नौकरी लगवा सकते हैं। आरोपियों ने इस काम के बदले 11 लाख रुपये की मांग की थी। भरोसे में आकर 11 लाख रुपये आरोपी जसमीन कौर के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। एक महीना बीतने के बाद जब नौकरी नहीं मिली तो आरोपियों ने टाल-मटोल शुरू कर दी। दबाव बनाने पर आरोपियों ने 3 लाख रुपये तो वापस कर दिए लेकिन बकाया 8 लाख रुपये हड़प लिए। 1 नवंबर 2025 को जब पीड़ित ने अपने बाकी पैसे मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की। संवाद