एथेनॉल प्लांट में आग के बाद टैंक के हालात।
शहजादपुर (अंबाला)। गांव जटवाड़ स्थित एथेनॉल प्लांट में लगी आग 32 घंटे तक धधकती रही। शुक्रवार को सायं चार बजे आग पर काबू पाया जा सका। अहम बात यह है कि पहले दो एथेनॉल स्टोरेज टैंकों में आग लगी थी मगर यह आग दो अन्य टैंकों में फैल गई। ऐसे कुल चार टैंक आग की चपेट में आ गए।
वीरवार सुबह जिन टैंकों में आग लगी थी उन पर शुक्रवार सुबह छह बजे तक काबू पा लिया गया था मगर अन्य दो टैंकों की आग बुझाने में दमकल विभाग की टीम को मशक्कत करनी पड़ी।
कंपनी के अधिकारियों की मानें तो करीब आठ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें पांच करोड़ रुपये से अधिक का तो एथेनॉल ही चारों टैंकों में भरा हुआ था। जो पूरी तरह से जल गया। इसके साथ ही 50 लाख रुपये की कीमत के पाइप भी खराब हो गए। वहीं, दो करोड़ रुपये की कीमत से अधिक के टैंक भी खराब हो चुके हैं। इन्हें भी बदला जाएगा।
नीरज के परिवार को सौंपा शव, बेटे को नौकरी मिलेगी
इस हादसे में जान गंवाने वाले मुजफ्फर नगर निवासी नीरज के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान मृतक के चाचार, भाई, बेटा आदि परिजन आए थे। उन्हें शव सौंप दिया गया। कंपनी के प्रबंधक संजय शुक्ला ने बताया कि कंपनी की तरफ से नीरज के बेटे को एक नाैकरी दी जा रही है। वहीं उसकी मां और बेटी को पेंशन, पीएफ और बीमा की राशि दी जाएगी।