छात्रा से छेड़छाड़ मामले में टीचर को भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार एक सरकारी स्कूल के म्यूजिक टीचर को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जानकारी अनुसार सनी सरकार एक स्कूल में म्यूजिक टीचर है। आरोप है कि इलाके में ही एक किशोरी को उन्होंने एक चिट्ठी दी थी, मगर वह किशोरी की मां की हाथ लग गई थी। जिस पर किशोरी की मां ने अपनी बेटी से इस बारे पता किया तो उसने बताया कि यह म्यूजिक टीचर उससे छेड़छाड़ करता है। इसके बाद किशोर की मां ने इसकी शिकायत महिला थाने में दी जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने सनी को गिरफ्तार करके शुक्रवार को अदालत में पेश किया। वहीं इस मामले में टीचर का कहना है कि उसने ऐसा कुछ नहीं किया और चिट्ठी में हैंडराइटिंग भी उसकी नहीं है। पुलिस इस मामले में हैंडराइटिंग एक्पर्ट्स की भी मदद लेगी। महिला थाना इंचार्ज सुनीता ढाका ने बताया कि मामले में आरोपी टीचर को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। चिट्ठी में हैंडराइटिंग को लेकर जांच जारी है।