शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार युवक को ट्रक ने कुचला, साथी घायल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
अंबाला-जगाधरी नेशनल हाइवे स्थित एक पैलेस से शादी समारोह में शिरकत कर घर लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों को सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने चपेट में ले लिया। हादसे में युवक अंकित की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा युवक अंकित शर्मा घायल हो गया। घायल को कैंट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं साहा पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया और मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव वारिसों को सौंप दिया। साहा थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि यमुनानगर की न्यू मार्केट निवासी अंकित (22) सोमवार शाम दोस्त महेश नगर निवासी अंकित शर्मा (24) के घर आया। जहां से दोनों को तेपला स्थित एक मैरिज पैलेस में शादी में शामिल होने जाना था। इसके बाद दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर अंबाला जगाधरी हाइवे स्थित पैलेस पहुंचे और शादी में शरीक होकर वापस महेश नगर के लिए निकले। पैलेस वे कुछ दूर ही आए थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में अंकित सड़क पर गिर गया और ट्रक का पहिया सिर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तेज रफ्तार ट्रक में दूसरे अंकित शर्मा के कपड़े फंस गए और वह काफी दूर तक ट्रक के पीछे घसीटता रहा, इस कारण वह गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया, वहीं घायल को कैंट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। साहा पुलिस ने मृतक अंकित के शव का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया और घायल अंकित शर्मा की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।