अंबाला सिटी। रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर व्यक्ति से ठगी का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत कुलदीप ने शहर थाना में दर्ज करवाई है। उन्होंने शिकायत में बताया कि वह पुलिस लाइन अंबाला शहर का रहने वाला है। उनके एक रिश्तेदार ने एक व्यक्ति से मुलाकात करवाई। उसे बताया गया कि संबंधित व्यक्ति रेलवे में नौकरी लगवाता है। व्यक्ति द्वारा उसे रेलवे में टिकट कलेक्टर की नौकरी दिलवाने की बात कही गई। साथ ही पहले 5 लाख 50 हजार रुपये की मांग की। इस पर उसने शिकायतकर्ता को रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी ने एक रेलवे का ज्वाइनिंग लैटर उसे दिया और डेढ़ लाख रुपए की और मांग की। इसके बाद उन्होंने उसे डेढ़ लाख रुपये भी दे दिए। लेकिन इस ज्वाइनिंग लैटर के बाद भी उसे रेलवे में कोई नौकरी नहीं मिली। इस पर उसने जब रुपये वापस करने की मांग की, तो उसे रुपये भी नहीं लौटाए गए। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति की रिपोर्ट पर जांच शुरू कर दी है।