अंबाला। छावनी, सिटी और शहजादपुर तहसील में मंगलवार को 62 रजिस्टि्रयां हुई। इसके चलते लोगों ने राहत की सांस ली। छावनी के उपमंडल कार्यालय स्थित तहसील में 16 रजिस्ट्री, सिटी तहसील में 15 और शहजादपुर तहसील में 31 रजिस्ट्री हुई। लिपिकों द्वारा वेतन बढ़ोतरी को लेकर धरना प्रदर्शन के चलते पांच जुलाई से रजिस्ट्री व अन्य काम रुके हुए थे। लोगों की रजिस्टि्रयां, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, कोर्ट वर्क, मिसलेनियस वर्क, शादी रजिस्ट्रेशन आदि काम नहीं हो रहे थे। सरकार ने वेब हेरिस सॉफ्टवेयर में बदलाव करते हुए रजिस्ट्री क्लर्क का लॉग इन हटा दिया। जिससे अब तहसीलदार रजिस्ट्री कर रहे हैं।
जीरकपुर से आए अनिल राणा ने बताया कि उन्होंने बब्याल निवासी डॉ. चंदन को जमीन बेची थी। रजिस्ट्री नहीं होने के चलते एक महीने से परेशान था। हड़ताल के कारण रजिस्ट्री नहीं हुई। मंगलवार को तहसीलदार ने रजिस्ट्री कर दी।
शिवम गौतम ने बताया कि वह बब्याल का निवासी है। मंगलवार को वह अपने दोस्त अनिल कुमार के साथ तहसील में पहुंचे और अपनी जमीन की रजिस्ट्री करवाई। वह पिछले कई दिनों से रजिस्ट्री कराने को लेकर परेशान थे।
सोमवार को 16 रजिस्ट्री की हैं। अब व्यवस्था पटरी पर आ रही है। पिछले शुक्रवार को 13 रजिस्ट्री व उससे एक दिन पहले दो रजिस्ट्री की थी।
-विजय मोहन, तहसीलदार, अंबाला छावनी