पुलिसकर्मी से दुर्व्यवहार और मारपीट के दो आरोपियों को भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ गाली गलौच और दुर्व्यवहार करने तथा मारपीट करने के आरोप में नारायणगढ़ पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवकों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया जहां से अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया। नारायणगढ़ थाना में तैनात मौसम खत्री के अनुसार वीरवार देर शाम वह अन्य साथियों के साथ स्थानीय अग्रसेन चौक पर ड्यूटी पर दे रहा था। इस दौरान बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास आकर रुके और उसके साथ गाली गलौच करने लगे। इस दौरान आसपास खड़े कुछ लोगों और उसके साथी पुलिसकर्मियों ने उन युवकों को समझा कर भेज दिया, परंतु कुछ देर बाद ट्रैक्टर-ट्राली में चार युवक आए। उन्होंने उसके साथी गाली गलौच करते हुए गला पकड़ लिया तथा उसके साथ धक्कामुक्की भी की। थाना प्रभारी सुरेश पाल के अनुसार पुलिसकर्मी मौसम खत्री के ब्यान पर चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए दो युवकों हरजीत सिंह और नरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया।