फोटो नंबर :: 34
ठंड में पड़े युवक को पुलिस ने दिया सहारा, परिजनों से मिलाया
करीब ढाई माह पहले राजस्थान से लापता हो गया था 28 वर्षीय पवन
अमर उजाला ब्यूरो
शहजादपुर। करीब डेढ़ महीने पहले राजस्थान से लापता हुए युवक को पुलिस ने परिजनों से मिलवाया। थाना प्रभारी सतबीर सिंह ने बताया कि वह रविवार रात्रि को गश्त पर थे। जब वह कक्कड़ माजरा एनएच 73 पर पहुंचे तो करीब 12 बजे के आसपास देखा कि एक व्यक्ति ठंड में सड़क किनारे पड़ा था। उन्होंने पूछताछ की तो देखने में लगा कि वह कई दिन से भूखा था। उसे थाना में लेकर आए और खाना खिलाया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक पर्ची मिली, जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा था। हमने उस पर संपर्क किया तो इस युवक के पिता से बात हुई। उन्होंने बताया कि यह उनका बेटा पवन है, जो करीब ढाई महीने से लापता है। मानसिक रूप से कमजोर है। उसके परिजन मंगलवार को थाना में पहुंचे तो इसने अपने परिजनों को पहचान लिया। युवक की पहचान 28 वर्षीय पवन गर्ग के रूप में हुई जो गांव शाहपुरा जिला सीकर राजस्थान का रहने वाला है। पवन को आवश्यक कार्रवाई के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया है। पवन के परिजनों का कहना है कि एक बार पहले भी यह घर से कहीं चला गया था, लेकिन एक महीने बाद अपने आप घर आ गया था।