पांच एकड़ गेहूं की फसल और फानों में लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी/मुलाना।
किसानों के खेतों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वीरवार को भी दो गांवों में फसल और फानों में आग लग गई। वीरवार को सौंडा गांव में किसान की पांच एकड़ फसल में आग लग गई। जैसे ही किसान को सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद दमकल ने आग पर काबू पाया। वहीं मानकपुर के गांव में भी आग की घटना हुई। गनीमत रही कि आग फसलों तक नहीं पहुंची है जैसे ही लोगों को आग लगने का पता चला तो उन्होंने दमकल विभाग को सूचित किया। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। उधर, गांव हेमामाजरा में वीरवार दोपहर एक किसान के खेत में पड़े फानों में आग लग गई। आग बेकाबू होता देख किसान ने फायर बिग्रेड को फोन किया। फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। मुलाना थाना प्रभारी राजेश कुमार भी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर रहे। गनीमत रही किसान साहब सिंह ने दो दिन पहले ही गेहूं की फसल काट ली थी। आग लगने से किसान साहब सिंह के तीन एकड़ में फाने जलकर राख हो गए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।