एक्सपायरी दवा के सेवन से युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। घर में रखी एक्सपायरी डेट की दवा का सेवन करने से युवक की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद युवक को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से छुट्टी लेने के बाद युवक की घर पहुुंचने पर दोबारा हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मोहड़ा चौकी के हेड कांस्टेबल सूबे सिंह को बताया कि गांव दुखेड़ी के 20 वर्षीय आनंद के सिर में दर्द होने पर आनंद ने करीब तीन दिन पहले घर में रखी एक्सपायरी डेट की दवा का सेवन किया। इसके बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी। परिजन युवक को प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने युवक का उपचार शुरू कर दिया। युवक की हालत में सुधार होने के बाद युवक अस्पताल से छुट्टी कर घर आ गया। मगर शुक्रवार देर रात को युवक की तबीयत अचानक खराब हो गई और परिजन उसे कैंट सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया।