अंबाला। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर अंबाला-सहारनपुर रेल सेक्शन पर दौड़ने वाली 50 से अधिक मालगाड़ियां शिफ्ट होंगी। इससे मुख्य लाइन खाली हो जाएगी और इसका फायदा मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को होगा।
इससे ट्रेनों की गति बढ़ जाएगी और नई ट्रेनों का संचालन भी आरंभ हो जाएगा। वहीं व्यापारियों को कम लागत पर एक जगह से दूसरी जगह सामान भेजने की सुविधा भी मिलेगी और वो भी सुगम व सुरक्षित तरीके से।
रात के समय भी चलेगी मालगाड़ी
मौजूदा समय में जिन भी मालगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है वो दिन के समय ही चलती हैं क्योंकि रात के समय मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या काफी अधिक हो जाती है। ऐसे में मुख्य लाइनों का खाली होना जरूरी होता है। इसलिए मालगाड़ियों को रात के समय नहीं चलाया जाता था। लेकिन डीएफसीसीआईएल का हाइटेक कॉरिडोर 24 घंटे चलेगा और इसकी निगरानी भी हाइटेक तरीके से होगी।
न्यू खुर्जा तक चली 84 वैगन की मालगाड़ी
साहनेवाल से न्यू खुर्जा तब बने डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर पर मालगाड़ियों का संचालन आरंभ हो गया है। इसका विधिवत उद्धाटन मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन तरीके से किया। इस संबंध में न्यू खन्ना रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित, खन्ना विधायक व अंबाला मंडल के डीआरएम मंदीप सिंह भाटिया सहित डीएफसीसीआईएल कॉरिडोर के अधिकारी पंकज गुप्ता मौजूद रहे। इस दौरान 84 वैगन में गेहूं भरकर दो इंजनों के साथ चलाया गया।
अजमेर-चंडीगढ़ वंदे भारत
अजमेर से चंडीगढ़ के बीच वंदे भारत का संचालन 14 मार्च को होगा। रेलवे ने मंगलवार को समय सारिणी जारी कर दी है। अजमेर से ट्रेन नंबर 20977 सुबह 6.20 बजे रवाना होकर दोपहर 2.03 बजे अंबाला कैंट और 2.45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 20978 दोपहर 3.15 बजे रवाना होकर 3.55 बजे अंबाला कैंट और रात 11.55 बजे अजमेर पहुंचेगी। बीच रास्ते ट्रेन का ठहराव जयपुर, अलवर, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट व अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में होगा।