अंबाला सिटी। जिला प्रशासन ने अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने वीरवार को समीक्षा बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को फील्ड में मुस्तैद रहने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में जिला खनन अधिकारी रिंकू कुमार ने बताया कि अक्तूबर से अब तक अवैध खनन में संलिप्त 46 वाहनों को पकड़ा गया है। इनमें से 14 वाहन माइनिंग विभाग, 18 एनफोर्समेंट और शेष संयुक्त टीमों द्वारा पकड़े गए। विभाग ने अब तक 28.97 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है और 11 प्राथमिकी दर्ज करवाई गई हैं। साथ ही, रॉयल्टी के रूप में 83.14 लाख रुपये एकत्रित किए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि एनजीटी के आदेश के अनुपालन में संशोधित जिला सर्वेक्षण प्रतिवेदन तैयार कर ली गई है। इसे जिला प्रशासन की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। आम नागरिक अगले 30 दिनों के भीतर अपने सुझाव या आपत्तियां माइनिंग कार्यालय या ऑनलाइन माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। डीसी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी निर्देश दिए कि चालू चारों क्रेशरों की नियमित जांच की जाए।