लावारिस पशुओं से परेशान ग्रामीणों ने सीएम विंडो पर दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़।
लावारिस पशुओं द्वारा किए जा रहे नुकसान से परेशान गांव सैनमाजरा के ग्रामीणों ने सीएम विंडो पर शिकायत दी है। ग्रामीण रमेश कुमार, बलदेव सिंह, रूपचंद, जय कुमार, अजय कुमार, बलविंद्र सिंह, राम कुमार, नमनीत सिंह, रामचंद्र, मातू राम, परमजीत सिंह आदि के अनुसार उनके गांव में पिछले काफी समय से लावारिस पशुओं ने उनका जीना दूभर कर दिया है। इन पशुओं द्वारा गांव में फसलों का नुकसान तो किया जाता ही है उसके साथ ही ये पशु ग्रामीणों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार इन लावारिस पशुओं के हमले से एक ग्रामीण लायक राम की मौत हो चुकी है तथा एक अन्य किसान तेजा सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इससे पूर्व भी अक्टूबर और दिसंबर में भी शिकायतें सीएम विंडो पर कर कार्रवाई की मांग की थी, परंतु अभी तक इस ओर किसी भी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने शिकायत में कहा कि यदि शीघ्र ही उन्हें इन लावारिस पशुओं से निजात न दिलाई गई तो विवश होकर उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ेगा।