नारायणगढ़। राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इसके लिए जहां ग्राम सचिवालय बनाये जा रहे हैं वहीं पर सरपंच भी विकास कार्यों पर अब 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये तक की राशि खर्च कर सकते है। राज्य मंत्री रेस्ट हाउस में नारायणगढ़ ब्लाक के सरपंचों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर सरपंच यूनियन प्रधान जसविंद्र सिंह बख्तुआ ने सरपंचों के साथ राज्य मंत्री का बैठक में पहुंचने पर स्वागत किया और सरपंचों की समस्याओं व मांगों से संबंधित एक पत्र भी सौंपा। बैठक में मौजूद सरपंचों ने सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के लिए किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा की और गांव के विकास के लिए ग्रांट उपलब्ध करवाने पर राज्य मंत्री नायब सैनी का आभार व्यक्त किया। राज्य मंत्री नायब सैनी ने सरपंचों से आह्वान किया कि वे गांव के विकास कार्यो के साथ-साथ स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओं-बेटी पढाओ कार्यक्रम को सफल बनाने में भी लोगों को जागरूक करें।