अंबाला सिटी। राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) में प्रदेशभर में विद्यार्थियों ने आवेदन किए। अब विद्यार्थी 17 नवंबर को परीक्षा देंगे। प्रदेशभर में परीक्षा के माध्यम से 2337 पात्र विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इन विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12वीं तक एक हजार प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी।
यह स्कीम शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली की ओर से चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य सरकारी व अनुदान प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली जरूरतमंद बच्चों का चयन कर उनका शैक्षिक विकास करना है। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत पूरे हरियाणा प्रदेश में से 2337 पात्र विद्यार्थियों का चयन करने के लिए 17 नवंबर को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से राज्य के विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी।
इस दौरान कक्षा आठवीं में सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी परीक्षा देंगे। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम की ओर से इस स्कीम का प्रोविजनल परिणाम घोषित किया गया है। जिसमें अंबाला जिले से इस बार 3368 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा के लिए पंजीकरण किया है। उन्होंने बताया कि इस बार अंबाला जिला इस परीक्षा के लिए पंजीकरण में पूरे प्रदेशभर में तीसरे नंबर पर रहा।
12 हजार रुपये प्रति वर्ष मिलेगी छात्रवृत्ति
जिला गणित विशेषज्ञ और एनएमएमएसएस के नोडल अधिकारी सुशील अरोड़ा ने बताया कि इस स्कीम के तहत परीक्षा 17 नवंबर रविवार को करवाई जाएगी। इस परीक्षा में पास और चयनित होने वाले विद्यार्थियों को अगले सत्र 2025-26 से कक्षा 9वीं से 12वीं कक्षा तक हर महीने एक हजार रुपये की दर से अगले चार साल तक 12 हजार रुपए की प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति दी जाएगी। चयनित होने वाले विद्यार्थियों में से इस योजना के नियम व शर्तें पूर्ण करने वाले सभी पात्र विद्यार्थियों के बैंक खाते में सीधे आएगी, लेकिन इसके लिए सभी संबंधित विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष नेशनल स्काॅलरशिप पोर्टल पर संबंधित दस्तावेज के साथ अप्लाई करना होगा। इन विद्यार्थियों के लिए यह पोर्टल जून-जुलाई 2025 में खुलेगा। इस पोर्टल पर आवेदन की जिम्मेवारी स्वयं छात्र की होगी।
पिछले वर्ष के प्रश्न-पत्र किए सांझा
इस परीक्षा की अच्छे से तैयारी करने और चयन होने के लिए जिला नोडल अधिकारी सुशील अरोड़ा की ओर से सभी सरकारी विद्यालयों के प्राचार्यों और अध्यापकों के साथ पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्र सांझा किए हैं, जिससे कि सभी विद्यार्थी अच्छे से तैयारी कर सकें। इस परीक्षा को आसानी से पास कर सकें।
आवेदन में प्रदेश में तीसरे नंबर पर रहा अंबाला
जिला कुल आवेदन
अंबाला 3368
भिवानी 1844
चरखी-दादरी 1334
फरीदाबाद 1314
फतेहाबाद 2669
गुरुग्राम 2911
हिसार 3455
झज्जर 1321
जींद 2652
कैथल 2459
करनाल 2699
कुरुक्षेत्र 2063
महेंद्रगढ़ 2109
नूंह 1300
पलवल 1291
पंचकूला 1333
पानीपत 3072
रेवाड़ी 2324
रोहतक 1450
सिरसा 3739
सोनीपत 2221
यमुनानगर 1615
कुल आवेदन-48543