संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। एसडी कॉलेज अंबाला छावनी में रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन आर्ट की ओर से हुनरमान शिक्षक पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए 335 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह में इस बार स्कूलों, कॉलेजों के अलावा आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर शिक्षकों सम्मानित करते हुए मुख्य अतिथि प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि बिना शिक्षक के ज्ञान पाना और आगे बढ़ना बहुत कठिन हैं।
उन्होंने रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल की गतिविधियों के लिए 10 लाख रुपये और कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन के रूप में एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि समाज कैसा बने, देश कैसा बने, इसका निर्माण अध्यापक करता हैं। हम जहां पर भी खड़े हैं और हमारा देश जिन ऊंचाईयों को छू रहा है, उन ऊंचाईयों तक ले जाने का काम शिक्षक करता है। शिक्षक ही अपने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और आने वाली चुनौतियों से लड़ने के लिए तैयार करता हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी बड़े से बड़ा डॉक्टर हो, इंजीनियर हो, राजनेता हो, उसका निर्माण टीचर ही करता हैं।
मंत्री विज ने कहा कि पिछले दिनों उन्होंने रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल के एक कार्यक्रम में क्लब के समक्ष वर्ष 2025 तक भारत को टीबी मुक्त तथा अनीमिया मुक्त बनाए जाने का सुझाव रखा था। उन्हें अच्छा लगा कि रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल ने उनकी साधारण बात को मानते हुए उसे अपना लक्ष्य बना लिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे कार्य भी कर रहें हैं। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष भूपिंद्र ओबरॉय, सचिव सुनील दत्त, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फैंशन आर्ट के निदेशक अमनप्रीत कौर, पूर्व प्रधान पुनीत बत्तरा, वीके शर्मा, सुनीता शर्मा, मनमोहन सैनी, सीटीएम मुंकद, सचिव सुनील दत्त, एसडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र राणा, डॉ. देशबंधु, डॉ.नवीन गुलाटी, डॉ. नील इंन्द्रजीत कौर आदि मौजूद रहे।