फर्जी रिहायशी प्रमाण पत्र बनाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बराड़ा।
वार्ड नंबर 14 निवासी सीमा देवी ने सीडीपीओ कार्यालय से सूचना के अधिकार के तहत हाल ही में वार्ड के आंगनबाड़ी केंद्र में होने वाली नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाली महिलाओं के दस्तावेज आदि के बारे में जानकारी मांगी है। सीमा सहित 10 महिलाओं ने इस नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। आवेदन के बाद एक महिला की नियुक्ति हो गई थी, लेकिन सीमा देवी के आरोप लगाए जाने के बाद यह रुक गई थी। सीमा देवी का आरोप है कि उक्त महिला ने फर्जी रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाकर सरकारी कर्मचारियों को गुमराह किया है। सीमा ने आरोप लगाया कि उक्त महिला इस वार्ड की रहने वाली नहीं है। महिला ने अपने रिश्तेदारों के तहसील में लगा होने के कारण फर्जी रिहायशी प्रमाण पत्र दिया है। दूसरी ओर सीडीपीओ मनीषा गागट ने कहा कि इस मामले में फिलहाल अभी जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद कुछ कहा जा सकता है।