अंबाला। स्टाॅक मार्केट में पैसा लगाने के नाम पर 26 लाख 10 हजार रुपये की ठगी हो गई। न तो पैसे मिले और न ही लाभ मिला। अंबाला सिटी के मोती नगर निवासी सतनाम की शिकायत पर साइबर सैल ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। सतनाम ने बताया कि 7 फरवरी को वो व्हाट्सएप पर एक ब्लैक रॉक कैपिटल नामक ग्रुप में शामिल हुआ था जोकि स्टाॅक मार्केट में पैसा लगाने का काम करती है।
इसमें ग्रुप एडमिन के तौर पर सलीम रामजी और सहायक के तौर पर मेलिसा मुंबई में कार्यरत हैं। उन्होंने ग्रुप में शामिल होने के लिए कुछ नियम बनाए थे जोकि उसने पूरे कर लिए। इसके बाद उन्होंने 27 फरवरी को उसकी सदस्यता स्वीकार कर ली और फिर विदेशी खाते के शेयर में पैसा लगाने के लिए लिंक भेजा। इस लिंक पर उसने 29 फरवरी से लेकर 3 अप्रैल तक लगभग 26 लाख 10 हजार रुपये भेजे।
पैसा लगाने के एक माह बाद उसे बताया गया कि उसने जो पैसा लगाया था वो बढ़कर अब 49.92 लाख रुपये हो गया है। जब उसने पैसा निकलवाने की बात कही तो उससे 8 लाख रुपये सर्विस चार्ज के तौर पर मांगे गए तो उसने इस पैसे को अपने खाते में रखे पैसों से कम करने और बैलेंस देने का कहा तो उन्होंने इसे नियमों का हवाला देते हुए दरकिनार कर दिया और उसके पैसे देने से इंकार कर दिया। उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हो गया है। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस से की।