अंबाला सिटी। नगर निगम कार्यालय में संपत्ति कर आईडी को सत्यापित किया जा रहा है। यह कार्य अप्रैल के शुरूआत से लगातार चल रहा है। निगम ने अप्रैल माह में 25 फीसदी आईडी को सत्यापित करने का लक्ष्य रखा था, मगर निगम करीब 21 हजार 24 आईडी ही सत्यापित कर पाया है।
निगम ने अप्रैल माह में शहर में आईडी सत्यापित करने के लिए करीब 100 कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई थी, लेकिन इससे कार्यालय का कार्य भी प्रभावित हो रहा था। अब मई माह में निगम कार्यालय में ही आईडी को सत्यापित किया जा रहा है। शहर में उन एरिया में तो आईडी सत्यापित करने का कार्य सही तरीके से चल रहा है, जहां लोगों के पास रजिस्ट्री हैं। मगर शहर में कई एरिया ऐसे हैं, जिनके पास रजिस्ट्री नहीं है या वह गांव निगम में बीते वर्षों में शामिल हुए थे।
उन लोगों की आईडी को सत्यापित करने के लिए दिक्कत सामने आ रही है। इन लोगों को वर्गगज ठीक करवाने में दिक्कत सामने आ रही है। यह समस्या होने से लोग अपना संपत्ति कर भी नहीं भर पा रहे, क्योंकि वर्गगज कम या ज्यादा होने से संपत्ति कर भी कम और ज्यादा आ गया है।
वार्ड के अनुसार बनाई थी टीम
शहर में 20 वार्ड हैं। निगम अधिकारियों ने सभी वार्ड के अनुसार आईडी को सत्यापित करने के लिए अप्रैल माह में निगम कर्मचारियों को तैनात किया था। कर्मचारियों ने घर-घर जाकर लोगों की आईडी को सत्यापित किया। शहर में करीब 1 लाख 23 हजार संपत्ति कर आईडी हैं। अभी भी रोजाना निगम में लोग आईडी को सत्यापित करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, निगम के संपत्ति कर शाखा प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि अभी फील्ड में कर्मचारी आईडी सत्यापित नहीं कर रहे हैं। निगम कार्यालय में आईडी को सत्यापित करने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं। सोमवार शाम तक 21 हजार 24 आईडी सत्यापित हो चुकी थी।
वर्जन
संपत्ति कर आईडी को सत्यापित करने के लिए निगम कार्यालय में कर्मचारी तैनात किए गए हैं। फील्ड में आईडी सत्यापित करने के लिए दोबारा टीम बनाई जाएंगी। उनके संज्ञान में भी एक-दो मामले आए हैं, जिनकी बिना रजिस्ट्री के संपत्ति कर आईडी सत्यापित करने में समस्या आई है। अगर ऐसी समस्या सामने आ रही है तो तहसील से अपनी संपत्ति के रिकॉर्ड को सत्यापित करवाकर निगम में अपनी आईडी को सत्यापित करवा सकते हैं।
अदिति, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम।