अंबाला। सरकारी संपत्ति पर विज्ञापन से संबंधित पोस्टर चिपकाने वालों पर नगर परिषद ने शुरू कर दी है। रेलवे रोड पर फैंसी बिजली के खंभे पर लगाए पोस्टर पर कार्रवाई करते हुए नगर परिषद ने रेलवे रोड पर खुले शोरूम के मालिक पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। उसे एक हफ्ते में जुर्माना भरने और अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। जुर्माने से बचने के लिए दुकानदार ने संतरी से लेकर मंत्री तक चक्कर काटने शुरू कर दिए हैं। अभी जुर्माने में छूट के लिए नगर परिषद की ओर से कोई पत्र जारी नहीं किया गया। दुकानदार को जुर्माना अदायगी के लिए दोबारा से पत्र भेजने की तैयारी चल रही है।
सुभाष पार्क के बाहर भी चलता है विज्ञापन
सुभाष पार्क के बाहर भी एक प्राइवेट कंपनी संचालक रोजाना अपने वाहन को खड़े कर देता है और फिर ऊंची आवाज में अपने कारोबार से संबंधित जानकारी स्पीकर के माध्यम से देता है, लेकिन सुभाष पार्क के बाहर तैनात पुलिसकर्मी न तो वाहन को वहां से हटवाते हैं और न ही कारोबारी पर कोई कार्रवाई करते हैं। इसका खामियाजा सूकून की तलाश में सुभाष पार्क आए लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
वर्जन
रेलवे रोड पर एक दुकानदार ने सरकारी संपत्ति के ऊपर विज्ञापन चस्पा दिया था। उस पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। लोगों को विशेष हिदायत दी है कि वो किसी भी सरकारी संपत्ति पर किसी भी तरह का पोस्टर व विज्ञापन न चस्पाएं, बावजूद इसके कुछ लोग नियमों की अवहेलना करते हैं। ऐसे लोगों पर अब शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
जरनैल सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नप सदर।