अंबाला। क्रिप्टो करंसी व शेयर मार्केट में लगवाकर पैसे दोगुना करने का लालच देकर करीब आधा दर्जन लोगों से धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। इस धोखाधड़ी में वकील से लेकर करियाना दुकानदार तक फंस गए। दो माह के बाद वेबसाइट नहीं चली तो इस मामले का खुलासा हुआ। करियाना दुकानदार संदीप की शिकायत पर साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है।
दुकान मालिक ने आरोप लगाए हैं कि आरोपियों ने पैसे देने के इंकार करने के साथ-साथ उसे व उसके परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव खानपुर ब्राह्मणा निवासी राजीव, दर्शन कुमार, गांव जगूमाजरा निवासी कमलजीत व सुधीर राठौड़ पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रुपये दोगुने होने के झांसे में आकर पहले 10 हजार फिर लगाए थे 20 लाख
शिकायतकर्ता गांव शहजादपुर निवासी संदीप गोयल ने बताया कि वह करियाने की दुकान चलाता है। पड़ोसी दुकानदार दर्शन कुमार ने सितंबर 2021 में मुझे राजीव कुमार कमलजीत से मिलवाया। बताया कि वह वह शेयर मार्केट में पैसा लगाकर आठ से दस महीने में पैसे डबल कर देते हैं। उसने भी पहले 50 हजार रुपये लगवाए थे और हर माह 10 प्रतिशत ब्याज दिया। संदीप ने बताया कि बार-बार कहने पर पहले 10 हजार रुपये लगवाने की बात बोलते हुए कहा कि पैसा डबल करके देंगे और बदले में सिर्फ 2 प्रतिशत लाभ में लेंगे। चाहे तो गांव के लोगों से पता कर लो। इसी तरह आरोपियों ने झांसे में लिया। फिर 20 लाख रुपये देने के लिए राजी होने के बाद 3 जनवरी 2022 को अपनी दुकान में बुलवाया ओर खाते खोलने के लिए दस्तावेज मांगे। शेयर मार्केट में खाता खोल कर ट्रेडिंग करवानी शुरु कर दी। बाद में अलग-अलग तारिख पर आरोपियों को 20 लाख रुपये दे दिए।
-
खराब वेबसाइट ठीक होने के बात बोलकर करीब छह माह घुमाया
संदीप ने बताया कि आरोपी राजीव के पिता ने कहा कि कंपनी का मुख्य कार्यालय दुबई शिफ्ट हो रहा है और ओपनिंग में वह भी दुबई जा रहा हूं। घबराने की जरूरत नहीं। बाद में आरोपी ने झांसे में लेने के लिए खुद भी कंपनी से लोन लेकर पैसे लगाने की बात कहीं। लगभग 2 महीने बीत जाने पर जब कंपनी की वेबसाइट न चली और धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। इस संबंध में फोन किया तो आरोपी दर्शन ने राजीव को फोन कर बताया कि इंजीनियर वेबसाइट को ठीक कर रहे हैं। लगभग 5 माह बीत जाने पर दर्शन को अपने पैसे दिलवाने को कहा तो वो टाल मटोल करने लग गया और राजीव का भी फोन मिलना बंद हो गया। मैंने कमलजीत दर्शन से अपने पैसों को लेकर बात की तो ये दोनों मुझे जान से मारने की धमकी देने लगे। धमकाया कि वह उस पर झूठा मुकदमा करवा देंगे।
-
एसपी से मिलकर लगाई सीआईए को केस सौंपने की गुहार
मामला दर्ज होने के बाद शिकायतकर्ता संदीप व उसके कुछ साथी बृहस्पतिवार को पहले साइबर थाने और फिर एसपी कार्यालय पहुंचे। संदीप के भाई गौरव ने बताया कि यह बड़ा मामला है और कई लोगों से आरोपियों ने ठगी की है। इस मामले की जांच थाने में न करवाकर सीआईए से करवाई जाए ताकि जल्द से जल्द मामले की परतें खुल सके। गौरव ने बताया कि एसपी से आश्वासन मिला कि मामले की जांच शहजादपुर सीआईए को सौंप दी गई है।