पानी का पाइप ढूंढने के लिए तोड़ी सड़क, नहीं उठाया मलबा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
मोटर मार्केट के पास स्थित बसंत विहार में पीडब्ल्यूडी ने पानी का पाइप ढूंढने के लिए करीब 25 दिन पहले सड़क को तोड़ दिया। पानी का पाइप तो कर्मचारियों को मिला नहीं, लेकिन अब लोग सड़क पर मलबा पड़ा होने के कारण परेशान है। स्थानीय नागरिक जेएस बख्शी, राजू, शकुंतला, सर्वजीत कौर, बंटी, कृष्ण लाल, पवन, प्रीत, पासी, शर्मिला आदि ने बताया कि करीब 25 दिन पहले पीडब्ल्यूडी कर्मियों ने पानी के पाइप को ढूंढने के लिए पूरी गली को तोड़ दिया, मगर पाइप वहां नहीं मिला। सड़क को खोदने के बाद गड्ढों को खुला ही छोड़कर चले गए। जिस वजह से यहां कई बार हादसे भी हुए, लेकिन बार-बार विभाग के एसडीओ, एक्सईएन और जेई को शिकायत करने बाद 15-20 दिन पहले गड्ढों को बंद करने के लिए लेंटर डाल दिया, मगर मलबा उस दिन से यहीं पड़ा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि मामले की शिकायत करने के लिए अधिकारियों को कई बार फोन भी किया, लेकिन उन्होंने फोन उठाना ही जरूरी नहीं समझा। वहीं एक्सइएन सौरभ अहलावत ने कहा कि पानी के पाइप को ढूंढने के लिए सड़क खोदी गई थी, गड्ढों को बंद करने के लिए लेंटर डाले अभी कुछ दिन ही हुए हैं, इसलिए इसके साइड में मलबा रखा गया है, ताकि कोई वाहन इस कच्चे लेंटर से न गुजरे। लेंटर पक्का होने पर मलबा हटा देंगे।