अंबाला। कोरोना के सोमवार को 19 नए मामले सामने आए। राहत की बात यह रही कि नौ मरीजों ने कोरोना को मात दी है। अब कुल सक्रिय मामलों की संख्या 153 हो गई है। वहीं, तीन मरीज सरकारी अस्पताल में दाखिल हैं। नए मामलों में सिटी से 11, कैंट से 4, शहजादपुर से 3, चौड़मस्तपुर से 1 मामला सामने आया है। सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना का रिकवरी रेट 98.31 फीसदी है। अब तक प्रति दस लाख की जनसंख्या पर 814058 सैंपल लिए गए हैं। कोविड-19 के दृष्टिगत जिले में वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। कोविन पोर्टल के डाटा के अनुसार 21 लाख 66 हजार 038 लोगों को वैक्सीनेट किया गया है। डॉ. सुनिधि करोल ने बताया कि 10 लाख 62 हजार 992 लोगों को पहली जबकि 10 लाख 36 हजार 721 लोगों को कोरोना से बचाव की दोनों डोज दी जा चुकी हैं।