एसवाईएल मुद्दे पर इनेलो कर रही ड्रामा : विज
अंबाला।
स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि इनेलो नेता एसवाईएल के पानी के लिए रास्ते रोकने के मुद्दे पर ड्रामा करके प्रदेश वासियों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा सुप्रीम कोर्ट में हरियाणा के पक्ष की प्रभावी पैरवी से हरियाणा वासियों को एसवाईएल का पानी मिलना तय है और इनेलो रास्ते रोककर अपना राजनैतिक वजूद तलाशने का असफल प्रयास कर रही है। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इनेलो ने सत्ता में रहते हुए भी प्रदेश के लिए समस्याएं उत्पन्न की और अब सत्ता के बाहर रहते हुए भी समस्याएं ही उत्पन्न कर रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा एसवाईएल का पानी न देेने के ब्यान पर विज ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री हरियाणा को पानी देने या न देने में सक्षम नहीं है। उच्चतम न्यायालय ने हरियाणा प्रदेश के हिस्से का पूरा पानी देने का फैसला सुनाया है। मंत्री विज ने कहा कि सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड द्वारा प्रदेश भर में की जा रही छापेमारी से सभी विभागों के लिए एक संदेश है कि वह अपनी ड्यूटी को सही प्रकार से करें अन्यथा उन्हें कोई तीसरी आंख भी देख रही है।