ड्यूटी पर तैनात हैड कांस्टेबल की हार्ट अटैक से मौत
अमर उजला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
जीआरपी में हैड कांस्टेबल की ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। जानकारी अनुसार 42 वर्षीय बलबीर सिंह को करीब 10 बजे हार्ट अटैक आया। हालांकि जीआरपी मुलाजिम स्थानीय सरकारी अस्पताल लेकर गए, मगर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना पड़ाव पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी मुताबिक करीब बलबीर सिंह, जिला सोनीपत के गांव चिचराना के निवासी थे। कैंट जीआरपी में हैड कांस्टेबल के पद पर तैनात होने से वे रेलवे क्वार्टरों में परिवार के साथ रह रहे थे। वीरवार शाम को वह रात की ड्यूटी पर पहुंचे। शाम तक उनकी हालत ठीक थी। रात होते ही उनके सीने में तेज दर्द हुआ जिसके बाद वे जमीन पर गिर गए। मौके पर अन्य पुलिस कर्मियों ने उन्हें उठाने की कोशिश भी की। लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। कर्मचारी तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से स्थानीय सरकारी अस्पताल लेकर गए जहां डाक्टरों ने चेकअप कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना पड़ाव पुलिस ने उचित कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।