अंबाला सिटी। दिनोंदिन बढ़ रहे नशे के कारोबार को रोकने के लिए जहां जिला पुलिस प्रशासन हर संभव प्रयास कर रही है, वहीं हर वर्ष नशा तस्करों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो रही है।
पुलिस प्रशासन ने इन नशा तस्करों पर पैनी नजर रखी है, मगर इसके बावजूद भी यह नशा तस्कर नशे की खेप विभिन्न राज्यों से इधर-उधर करने में कामयाब हो जाते हैं। अंबाला जिला पुलिस ने वर्ष 2023 में एक जनवरी से बीते 18 दिसंबर तक 162 मामले नशा तस्करी के दर्ज किए हैं।
जिला पुलिस ने इन सभी मामलों में 296 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि 34 मामलों में जिला पुलिस को व्यवसायिक नशा कारोबारियों से भारी मात्रा में नशे की खेप पकड़ने में कामयाबी हासिल हुई है। इसमें 74 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है। वहीं जिला पुलिस ने नशा तस्करों की धरपकड़ करने के लिए स्पेशल पुलिस टीमों का गठन किया हुआ है। जोकि अपनी पैनी नजर से नशा तस्करों तक पहुंचने में कामयाब हो रही है।
तस्करों को रोकने के लिए किए उपाय
अंबाला जिला में बीते दिनों अंबाला छावनी व शहर क्षेत्र की कई कॉलोनियों में जिला पुलिस द्वारा विशेष सर्च अभियान चलाया गया था। जहां पर पुलिस ने जांच के दौरान कुछ आरोपियों को भी पकड़ा था, अंबाला सिटी के रामनगर स्थित डेहा कॉलोनी में बिकने वाले नशे पर पुलिस ने काफी हद तक लगाम लगा दी है। बीते कुछ महीने पहले नशा तस्करों को रोकने के लिए विशेष पुलिस टीमों की ओर बेरिकेडिंग कर डेहा कॉलोनी में आने-जाने वालों की गहनता से जांच की थी और करीब दो महीने तक अंबाला शहर के मिशन अस्पताल के सामने, डेहा कॉलोनी, रामनगर और नेशनल हाईवे की ओर से गुजरने वाले रास्तों पर 24 घंटे पुलिस की तैनाती की गई थी।
यह पुलिस ने की कार्रवाई
बीते कुछ महीने पहले जिला पुलिस प्रशासन द्वारा अंबाला छावनी के कुम्हार मंडी कॉलोनी में नशे का कारोबार करने वाले विनय के रिहायशी भवन पर पीला पंजा चलाकर नष्ट किया। पुलिस प्रशासन की मानें तो उस रिहायशी भवन में रहने वाले नशा तस्कर पर कई मामले दर्ज थे और नशा तस्कर के घर में हर प्रकार की सुख-सुविधाए उपलब्ध थी। नशा तस्कर की चल-अचल संपति का आंकलन कई लाखों में सामने आ आया था। यही कारण था कि पुलिस प्रशासन ने उसके रिहायशी भवन को जमींदोष किया था। जिला पुलिस प्रशासन के अनुसार अंबाला छावनी और शहर क्षेत्र में कई नशा तस्कर ऐसे हैं। जिनकी प्रॉपर्टी पर पुलिस की नजर बनी हुई है। आगामी दिनों में कुछ नशा तस्करों की प्रॉपर्टी पर कार्रवाई होना संभाविक है।
सीआईए टीमें भी कस रही नकेल
वर्ष 2023 में जिले के कई थाना प्रभारियों ने नशे पर शिकंजा कसते हुए कार्रवाई की है, वहीं सीआईए की टीमें में नशे कारोबारियों पर नकेल कस रही हैं। वहीं, नशा तस्करी के मामलों में बीते कुछ महीनों पहले अंबाला छावनी थाना पुलिस ने एक किलो 13 ग्राम हेराईन, करीब पांच करोड़ व एक अन्य मामले में 268 ग्राम हेराईन पकड़ी, इसी प्रकार थाना पड़ाव ने मुकदमा नंबर 125 व 178-23 में चार-चार किलो अफीम के दो मामले पकड़े और एक अन्य मुकदमा नंबर-19 में तीन किलो 500 ग्राम अफीम पकड़ी, इसी प्रकार थाना नारायणगढ़ में एक किलोग्राम से अधिक अफीम पकड़ी गई, थाना मुलाना में तीन क्विंटल 65 किलोग्र्राम चुरापोस्त, वहीं थाना महेश नगर पुलिस ने तीन क्विंटल 40 किलोग्राम चुरापोस्त बरामद किया था।
कोट्स
नशा तस्करों पर अंबाला जिला पुलिस ने पूरी तरह से शिकंजा कसा हुआ है। पड़ोसी राज्यों से आने वाली नशों की खेप कई बार पकड़ी जा चुकी है। नशा तस्करों को पकड़ने के लिए स्पेशल पुलिस जांच टीमों का गठन किया हुआ है, जोकि दिन रात नशा तस्करों की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है। यह अभियान ऐसे ही जारी रहेगा।
जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी अंबाला।