अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। पेरिस होटल क्षेत्र में पिलर लगाने का लोगों ने विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इन लोगों का कहना है कि एक तो यह लीज की जमीन है, जबकि इस पर पिलर लगाकर निर्माण करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय निवासी में अतुल, दीपक, अरुण, संजय राठी, राजकुमार, शकुंतला देवी, कांता देवी, ज्योति, कविता, किशन लाल, अनूप कुमार ने बताया कि इसी क्षेत्र में करीब छह साल पहले प्रशासन ने यहां पर बन रही बिल्डिंग को सील किया था। प्रशासन की कार्रवाई के बाद लगा कि यहां पर अब निर्माण नहीं होगा, लेकिन धीरे-धीरे यह बिल्डिंग तैयार कर ली गई। उन्होंने बताया कि इस बारे में अधिकारियों को भी बताया गया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। इसी तरह अब इसी बिल्डिंग के सामने पिलर लगाकर जमीन की बड़े हिस्से को कवर करने की कोशिश की जा रही है। यह रास्ता आवाजाही के लिए है, जबकि जमीन लीज की है। इतना ही नहीं इस क्षेत्र की पहचान बदलने के लिए बैंक रोड के नजदीक बोर्ड लगाकर इस रोड को नया नाम देने की कोशिश भी की जा रही है। लोगों का कहना है कि जिस तरह से यहां पर निर्माण आदि की कोशिश चल रही है, जबकि सीलिंग के बाद भी निर्माण हो गया है उससे साफ है कि यह सब मिलीभगत से हो रहा है। लोगों ने मांग की है कि इस मामले में कार्रवाई की जाए व पिलर तथा बोर्ड हटाए जाएं। इस मामले में निगम अधिकारियों से भी शिकायत की जाएगी।