सुभाष पार्क के सामने 27 लाख से बन रही पार्किंग का कार्य अंतिम चरण में
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज के निर्देश पर सुभाष पार्क अंबाला छावनी के सामने नगर निगम द्वारा बनाई जा रही पार्किंग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। स्वास्थ्य मंत्री के मीडिया सलाहकार डा. अनिल दत्ता ने बताया कि बीपीएस प्लेनेटोरियम में धार्मिक, सामाजिक और राजनैतिक कार्यक्रमों के दौरान मुख्य मार्ग पर गाड़ियां खड़ी होने से मार्ग से गुजरने वाले शहर वासियों को दिक्कत पेश आती थी। लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष यह समस्या रखी थी जिसके बाद पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू करवाया है। नगर निगम के म्यूनिसिपल इंजीनियर हरीश कुमार ने बताया कि इस पार्किंग का निर्माण सुभाष पार्क के सामने और बीपीएस प्लेनेटोरियम के साथ लगते स्थान पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 570 फुट लंबी और 52 फुट चौड़ी इस पार्किंग के निर्माण के लिए स्वास्थ्य मंत्री द्वारा 27 लाख की राशि उपलब्ध करवाई गई है। पार्किंग में लगभग 125 वाहनों को खड़ा करने की सुविधा होगी।