ईएएसआई सुरेश कुमार को मिलेगा शहीद का दर्जा
अंबाला सिटी। अध्यापक सेशनजज हत्याकांड के मुख्य गवाह रामबीर की सुरक्षा में जान गंवाने वाले ईएएसआई सुरेश कुमार को शहीद का दर्ज दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अंबाला मोहित हांडा ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अंबाला मंडल आलोक कुमार राय के निर्देशानुसार ड्यूटी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले ईएएसआई सुरेश कुमार को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। इसके लिए डीजीपी से इसकी स्तुति कर दी गई है। एसपी मोहित हांडा ने बताया कि ईएएसआई सुरेश कुमार को रामबीर निवासी बड़ागांव की सुरक्षा में गार्ड नियुक्त किया गया था। बीती तीन जून को बाइक सवार तीन लोगों ने ड्यूटी के दौरान ईएएसआई सुरेश कुमार की गोली मार कर हत्या कर दी थी। एसपी ने पुलिसकर्मी के परिवार से संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस विभाग व उनके परिवार ने एक वीर सपूत को खोया है, जिसकी क्षतिपूर्ति नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि वीर पुलिसकर्मी ने ड्यूटी के दौरान साहसपूर्ण शहादत और विलक्षण बहादुरी का परिचय देते हुए अपने प्राण न्योछावर किए हैं, जिसके लिए पुलिस विभाग सदा उनका ऋणी रहेगा।