अंबाला। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता रतनलाल कटारिया के जीत की खुशी में रातभर नाचते गाते रहे, पटाखे फोड़ते रहे, वहीं पूरे संसदीय क्षेत्र में 7914 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। इस तरह 18 में से 13 प्रत्याशियों को नोटा से कम मत मिले। यही नहीं नोटा के मिले मत से कोई आधे तक भी नहीं पहुंच पाया। जहां इस बार मोदी लहर चल रही थी, वहीं मतदाताओं ने नोटा का भी बटन दबाया है। अंबाला लोकसभा क्षेत्र में 18 प्रत्याशियों में नोटा को छठा स्थान मिला है। पहले स्थान पर रतनलाल कटारिया, दूसरे स्थान पर कांग्रेस से कुमारी सैलजा, तीसरे स्थान पर बसपा के नरेश सारण, चौथे स्थान पर इनेलो के रामपाल वाल्मीकि, पांचवें स्थान पर आम आदमी पार्टी के पृथ्वी राज तो छठे स्थान पर नोटा का नंबर है। नोटा के बाद निर्दलीय प्रत्याशी रणजीत सिंह का नाम आता है, जिन्हें 3740 वोट मिले।