पैरा एथलीट की शिकायत मिलेगी तो होगी जांच : विज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। पंचकूला में आयोजित खेल मुकाबले में अव्यवस्थाओ को लेकर पैरा एथलीट स्वर्णा राज ने ट्वीट करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में खेल मंत्री अनिल विज ने इस मामले को खेल एसोसिएशन से जुड़ा बताया है। एक बयान में मंत्री विज ने कहा कि उनके पास कोई शिकायत आएगी तो उस पर जांच की जाएगी। पैरा एथलीट स्वर्णा राज ने पंचकूला में हुई खेल प्रतियोगिता में खामियों को उजागर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्वीट किया था। स्वर्णा का आरोप था कि उसे खेलों में हिस्सा नहीं लेने दिया गया और मजबूरन उसे लौटना पड़ा। इस मुद्दे पर मंत्री अनिल विज ने कहा कि खेल फेडरेशन और खेल एसोसिएशन के कामकाज में सरकारों का कोई दखल नहीं होता। पंचकूला में हुए खेल मुकाबलों के लिए आयोजकों ने खेल विभाग से केवल ग्राउंड की मांग की थी, जो उन्हें मुहैया करवा दिया गया। वहां मैदान में होने वाली सभी प्रकार की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी आयोजकों की थी।