अंबाला कैंट। शाहाबाद स्थित दिल्ली रेलवे ट्रैक पर अंबाला कैंट के एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि सुसाइड करने से पहले युवक ने अपनी बहन के मोबाइल पर मैसेज कर सूचित किया था कि मैं हमेशा के लिए जा रहा हूं और मेरा शव शाहाबाद के पास से ले जाना। पहले तो परिजनों ने काफी समय तक युवक को तलाशा। रविवार सूचना मिली कि युवक का शव ट्रैक पर पड़ा हुआ है। उधर, शाहाबाद जीआरपी थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि युवक की पहचान अंबाला कैंट के दयाल बाग निवासी मानव टंडन के लिए रूप में हुई है। जोकि बीटेक की परीक्षा देकर काम की तलाश में लगा हुआ था। परिजनों के अनुसार शनिवार रात को अचानक से मानव किसी जरूरी काम से बाहर जाने की बात बोलकर चला गया था और काफी समय तक घर नहीं लौटा था। देररात बेटी के मोबाइल पर सुसाइड करने का मैसेज आया था। मैसेज की बात पढ़कर वह घबरा गए और काफी समय तक युवक की तलाश करते रहे। जीआरपी के अनुसार ट्रैक पर उन्हें शव की सूचना मिली थी और जब वह पहुंचे तो देखा युवक का शव क्षतविक्षत हालत में पड़ा हुआ था। छानबीन के बाद युवक के मोबाइल से युवक की पहचान हो पाई। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।