विवादित निर्माणाधीन बिल्डिंग पर अदालत ने लगाया स्टे
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। निर्माणाधीन बिल्डिंग को लेकर हुए विवाद में जज नेहा यादव की अदालत ने निर्माण कार्य पर स्टे लगाने के आदेश दिए। अंबाला कैंट निवासी जगदीप चौधरी द्वारा 12 अक्तूबर को अदालत में याचिका दायर कर आरोप लगाया गया था कि उसकी प्रॉपर्टी के साथ लगती जमीन के मालिक द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा था जिसको लेकर उन्होंने दूसरे पक्ष को समझाने का प्रयास किया। इसी मामले की शिकायत सात अक्तूबर को पुलिस में भी दी, लेकिन दोनों ही पक्ष विवादित जमीन को अपना बता रहे थे और विवाद सुलझता न देख शिकायतकर्ता द्वारा अदालत का दरवाजा खटखटाया गया। अदालत में दोनों पक्षों ने अपनी मलकीयत पेश करते हुए जमीन पर अपना दावा जताया। शिकायत पक्ष की तरफ से एडवोकेट अनिल शंकर पेश हुए और उन्होंने अदालत को बताया कि जिस जमीन परिवादी द्वारा निर्माण करवाया जा रहा है, वह जमीन उनके मुवक्किल की है और उनके मुवक्किल द्वारा परिवादी को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन परिवादी बात सुलझाने के बजाय लगातार उनकी जमीन पर नाजायज अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहा है। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद निर्माण पर 15 नवंबर तक स्टे लगाते हुए दूसरे पक्ष को जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं।