अंबाला सिटी। दिल्ली से अमृतसर जाने वाले स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर शुक्रवार देर शाम हरियाणा-पंजाब सीमा पर घग्घर पुल के नजदीक शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। पथराव की सूचना गार्ड द्वारा कंट्रोल रूम को दी गई जिसके बाद जीआरपी सक्रिय हुई। फिलहाल जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दरअसल, जीआरपी को कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि शुक्रवार करीबन 7:30 बजे दिल्ली-अमृतसर स्वर्ण शताब्दी के सी-11 कोच पर पथराव हुआ है। इस दौरान कोच का एक शीशा भी टूट गया। गनीमत रही कि घटना में किसी यात्री को चोट नहीं लगी। ट्रेन उस समय घग्घर नदी पुल के नजदीक थी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तक तक शरारती तत्व वहां से फरार हो चुके थे। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को पथराव के निशान भी मिले। उधर, सिटी जीआरपी पुलिस ने शनिवार को रेलवे लाइन के नजदीक पड़ रही कॉलोनियों में लोगों से पूछताछ भी की। इस दौरान उन्होंने लोगों को समझाया कि रेलवे एक्ट के नियमों का पालन करें। गौरतलब है कि शताब्दी व अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। हरियाणा में ही अंबाला-दिल्ली रेलमार्ग पर कुछ वर्ष पूर्व शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव हुआ था। उस समय ट्रेन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सवार थे।
जांच चल रही है
स्वर्ण शताब्दी पर पथराव की सूचना मिली थी जिसकी जांच अभी चल रही है। इस मामले में रेलवे एक्ट-152 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विलायती राम, इंचार्ज सिटी जीआरपी चौकी।